राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस इस साल से 23 सितंबर को देश भर में मनाया जाएगा। केंद्रीय आयुष मंत्रालय ने सरकारी समिति की सिफारिश पर यह फैसला लिया। सरकार ने साल 2016 को राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस मनाने का फैसला लिया था, तब से हर साल पूरे सरकारी स्तर पर धन्वंतरि जयंती यानी धनतेरस के अवसर पर भारत सहित पूरी दुनिया में आयुर्वेद दिवस मनाया जाता है।
आयुष मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि त्योहार और अवकाश के चलते इस दिवस पर आयोजित होने वाले कार्यक्रम प्रभावित होते हैं जिसके चलते सरकार ने दिवस में बदलाव का फैसला लिया। यह किस दिन मनाया जाना चाहिए? इसके लिए आयुष मंत्रालय ने एक समिति का गठन किया जिसने वर्ष के सभी महीनों की समीक्षा करने के बाद 23 सितंबर का. चयन किया क्योंकि इस दिन पूरी दुनिया में दिन और रात की अवधि लगभग बराबर होती है। ऐसा इसलिए है क्योंकि इस समय सूर्य की किरणें भूमध्य रेखा के ठीक ऊपर होती हैं।


